ज़ुबीन गर्ग केस- मैनेजर और आयोजक गिरफ़्तार, पत्नी गरिमा बोलीं—’कानून अपना रास्ता खुद बनाएगा’

असम के दिग्गज गायक और सभी के चहेते ज़ुबीन गर्ग के निधन के बाद अब मामले ने नया मोड़ ले लिया है। शनिवार सुबह उनके मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा और नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के मुख्य आयोजक श्यामकानु महांता को गिरफ़्तार किया गया। महांता को सिंगापुर से लौटते ही दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ा गया, जबकि शर्मा को गुरुग्राम से हिरासत में लिया गया। दोनों को पूछताछ के लिए गुवाहाटी ले जाया गया है।

ज़ुबीन की पत्नी गरिमा गर्ग ने गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा—“हमें सच जानना होगा कि आखिर हुआ क्या था। जांच चल रही है और कानून अपना रास्ता खुद बनाएगा। सबको इसमें सहयोग करना चाहिए।”

स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम (SIT) ने पहले ही मैनेजर और आयोजक को 6 अक्टूबर तक पूछताछ में शामिल होने का नोटिस भेजा था। सूत्रों के मुताबिक, करीब दर्जनभर अन्य लोगों को भी तलब किया गया है, जो ज़ुबीन के साथ उस यॉट पर मौजूद थे।

52 वर्षीय ज़ुबीन गर्ग पिछले महीने सिंगापुर में नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में हिस्सा लेने गए थे। वहीं समुद्र में तैराकी के दौरान उनका शव पानी में मिला था। घटना के बाद पूरा उत्तर-पूर्व शोक में डूब गया और त्योहार रद्द कर दिया गया।

आज ज़ुबीन का अद्य श्राद्ध असम के जोरहाट में आयोजित हो रहा है, जहाँ हजारों लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुँच रहे हैं। राज्य सरकार ने भी उनकी स्मृति में जोरहाट में दूसरा स्मारक बनाने की घोषणा की है, ताकि उनकी संगीत और सिनेमा की अमूल्य धरोहर हमेशा याद की जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *