हाथरस में एक दलित लड़की की गैंगरेप और हत्या मामले पर घिरी योगी सरकार ने आज सख्त कार्रवाई की है। राज्य सरकार ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए हाथरस के एसपी विक्रांत वीर, डीएसपी और इलाके के सब इंस्पेक्टर समेत कुल 5 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। इसके अलावा आदेश में यह भी कहा गया है कि इस घटना के दौरान मौजूद रहे सभी पुलिसवालों का नार्को टेस्ट किया जाए। पीड़ित परिवार के भी टेस्ट की बात कही गई है। हाथरस के नये एसपी विनीत जायसवाल बनाये गए है।
इस आदेश के पीछे एसआईटी की शुरुआती रिपोर्ट को बड़ी वजह माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार एसआईटी ने अपनी शुरुआती रिपोर्ट में प्रशासनिक स्तर पर लापरवाही की बात कही है। खबर यह भी है कि जिले के डीएम भी जल्द ही कार्रवाई की जद में आ सकते हैं। आपको बता दें पीड़िता की मौत के बाद हुई पुलिसिया कार्रवाई सवालों के घेरे में है। विपक्ष ने इसे बड़ा मुद्दा बना दिया है। वहीं इसके बाद लगातार पुलिस का मीडिया और विपक्षी नेताओं को रोकना संदेह पैदा करता है। इसी आलोक में यह कार्रवाई हुई है।
