उत्तरप्रदेश के आजमगढ़ जिले में सरायमीर थाना क्षेत्र के कोलपुर कुसहां और मंजिरपट्टी के बीच आज सुबह खराब मौसम की वजह से एक चार सीटर विमान हादसे का शिकार हो गया। यह हादसा सुबह तकरीबन 11 बजे के आसपास हुआ। इस हादसे में प्लेन के पायलट कोणार्क शरण की मौत हो गई। उनकी उम्र महज 21 साल थी और वह अमेठी स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी में पायलट प्रशिक्षण ले रहे थे।
कोणार्क शरण हरियाणा के पलवल के निवासी थे। हादसे की वजह खराब मौसम को माना जा रहा है। जानकारी के मुताबिक उन्होंने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी से सुबह 10.20 बजे सोलो प्रशिक्षण के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के ताक़रीबन एक घंटे बाद ही उनका विमान क्रैश कर गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक कोणार्क के पिता भी एयर इंडिया से रिटायर अधिकारी हैं। कोणार्क तीन बहनों में इकलौते भाई थे।
प्लेन क्रैश की इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। हादसा इतना भयानक था कि प्लेन कई टुकड़ों में बंट गया। पायलट कोणार्क की बॉडी प्लेन के मलबे से तकरीबन 300 मीटर की दूरी पर मिली। हादसे के बाद पहुंच पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को मोर्चरी में रखवाया गया।
यह भी पढ़ें क्या होता है ‘टेबलटॉप’ रनवे, मंगलुरु और कोझिकोड हादसे में क्या है समानता
