पीएम कल बिहार को देंगे रेलवे से जुड़ी परियोजनाओं की सौगात, अटल बिहारी वाजपेयी का बड़ा सपना होगा पूरा

बिहार विधानसभा चुनावों की बढ़ी सरगर्मियों के बीच केंद्र की मोदी सरकार बिहार को अलग-अलग सौगात देने में कोई कसर नही छोड़ना चाहती है। खास बात यह है कि केंद्र से जुड़ी इन योजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण पीएम नरेंद्र मोदी खुद करते नजर आ रहे हैं। ऐसी ही तीन रेलवे से जुड़ी योजनाओं की सौगात पीएम मोदी कर बिहार को देंगे। इससे पहले पीएम पेट्रोलियम और शुद्ध पानी उपलब्ध कराने से संबंधित कई बड़ी योजनाओं की सौगात दी चुके हैं।


पीएम मोदी कल 18 सितम्बर को जिन योजनाओं की शुरुआत करेंगे उनमे 516 करोड़ की लागत से निर्मित कोसी महासेतु का उद्घाटन, सुपौल के सरायगढ़ से आसनपुर कुपहा के बीच ट्रेन की शुरुआत और भागलपुर शिवनारायणपुर के बीच इलेक्ट्रिक इंजन के साथ मालगाड़ी को हरी झंडी दिखा के रवाना करेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी 12 रेल परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। जिसमें किउल नदी पर एक रेल सेतु, दो नई रेल लाइन, पांच विद्युतीकरण से संबंधित योजना, एक इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव शेड के अलावा बाढ़ और बख्तियारपुर में तीसरी लाइन की परियोजना भी शामिल है।


आपको बता दें कि कोसी महासेतु के उद्घाटन के साथ ही निर्मली से सरायगढ़ की 298 किमी की दूरी घटकर महज 22 किमी रह जाएगी। इस सेतु का शिलान्यास 2003 में अटल बिहारी वाजपेयी ने पीएम रहते हुए किया था। यह सेतु 1.3 किमी लंबा है और शिलान्यास के समय इसकी लागत का अनुमान 323.41 करोड़ था जो समय बीतने के साथ बढ़कर 516.02 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुआ। इस सेतु के निर्माण से कोसी और मिथिला के इलाकों का संपर्क आसान हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *