देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना के मामले तेज़ी से कम हो रहे है एवं नए आने वाले मामलों में भी कमी देखी जा रही है। इस बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बड़ा ऐलान किया कि राजधानी दिल्ली में लॉकडाउन पर अब किसी तरह की संशय वाली स्थिति नहीं रहेगी, संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए दिल्ली में ‘ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान’ को मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को बताया कि दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) की बैठक में कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए ‘ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान’ को मंजूरी दी गई है।
केजरीवाल ने हिंदी में ट्वीट किया, “आज DDMA की बैठक में ‘ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान’ पास किया गया। कब लॉकडाउन लगेगा और कब क्या खुलेगा, इसे लेकर अब संशय की स्थिति नहीं रहेगी। बैठक में कोरोनावायरस के डेल्टा प्लस स्वरूप को लेकर भी बात हुई।
इस स्वरूप को हमें दिल्ली में फैलने से रोकना है जिसके लिए सरकार हर ज़रूरी कदम उठा रही है।” दिल्ली सरकार की एक समिति ने कोविड की संभावित तीसरी लहर से निबटने के लिए रंगों के कोड की प्रणाली तैयार की है जो चरणबद्ध प्रतिक्रिया के कदम सुझाएगी, मसलन उच्चतम अलर्ट वाले ‘लाल’ स्तर पर ज्यादातर आर्थिक गतिविधियों को बंद कर दिए जाएंगे।
अलर्ट के चार विविध स्तर ‘कलर कोड’ के जरिए बताए जाएंगे – लगातार दो दिन की संक्रमण दर, एक हफ्ते में संक्रमण के कुल नए मामले और एक हफ्ते में औसतन कितने ऑक्सीजन बेड भरे। आगे इन आधारों पर फैसला लिया जाएगा।
चरणबद्ध कदमों में वैश्विक महामारी की गंभीरता के आधार पर अलर्ट के स्तर के मुताबिक आर्थिक गतिविधियां को रोका जाएगा। अलर्ट के सभी चार स्तर में आवश्यक वस्तुओं की दुकानें और प्रतिष्ठान खुल सकेंगे एवं आवश्यक सेवाएं सुचारू रूप से चलती रहेंगी।
वहीं अच्छी खबर यह देखने को मिल रही है कि दिल्ली के साथ-साथ देश में भी कोरोना के मामले कम हो रहे हैं। पिछले 24 घंटों में देशभर में कोरोना के 43,393 नए मामले सामने आए। देश में 1.49 फीसदी केस ऐक्टिव हैं वहीं रिकवरी रेट बढ़कर 97.19% हो गयी है।
Read More
