बिहार को आज मिलेगी नई रोपवे की सौगात

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज बांका में बौंसी मंदार पर्वत पर रोपवे का उद्घाटन करेंगे जो बिहार का दूसरा रोपवे होगा। आशा जताई जा रही है कि मंदार पर्वत स्थित रोपवे का उद्घाटन होने से यहां पर्यटन को काफी बढ़ावा मिलेगा।

पर्यटन विभाग के द्वारा बने नवनिर्मित रोपवे को उद्घाटन के बाद सैलानियों के लिए खोल दिया जायेगा। प्रति व्यक्ति अभी टिकट का किराया 80 रुपये रखा गया है। लोअर टर्मिनल प्वाइंट (रोपवे स्टेशन) के सामने बने टिकट काउंटर से टिकट लेकर लोग रज्जू मार्ग के जरिये सबसे पहले इंटरमीडिएट टर्मिनल पॉइंट पर पहुंचेंगे जहां उतरकर पर्यटक धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण सीता कुंड, भगवान नरसिंह गुफा मंदिर, गोशाला, योनि कुंड सहित अन्य धार्मिक स्थलों का दर्शन पूजन कर मनोरम वादियों का आनंद लें सकेंगे।

बाद में उसी टिकट के जरिये अपर टर्मिनल पॉइंट पर पहुंच जैन मंदिर और काशी विश्वनाथ का भी दर्शन पूजन कर सकेंगे। पर्यटन विभाग के पदाधिकारी ने बताया कि पैदल रास्ते पर्वत शिखर तक गए हुए यात्रियों को वापसी में रोपवे के लिए मात्र 40 रुपये देने होंगे।

आने वाले समय में पर्यटकों की संख्या बढ़ने पर इसका किराया बढ़ाया जाएगा। विभाग ने अभी करीब 5000 मैनुअल टिकट की मांग की है। जबकि आने वाले समय में कंप्यूटराइज टिकट तैयार किए जाएंगे जिसके लिए सॉफ्टवेयर की भी तैयारी हो रही है।

जहां पैदल पर्वत पर चढ़ने में सैलानियों को करीब 1 घंटा का समय लगता है, वहीं अब रोपवे के जरिए 4 मिनट में पर्वत तराई से पर्वत शिखर पर पहुंचा जा सकेगा। इसमें कुल 8 केबिन दिए गए हैं, जिसमें प्रत्येक केबिन में 4 लोगों के बैठने की व्यवस्था है।

इसकी दूरी लगभग 400 मीटर है। बेस स्टेशन के बाद बीच में सीताकुंड में पहला पड़ाव है और सबसे ऊपर जैन के 12 वें तीर्थंकर वासुपूज्य का मंदिर है। मंदिर में उनके चरणपादुकाएं रखी हैं जहां पूरे देश से जैन धर्मावलंबी पहुंचते हैं।

गौरतलब हो कि रोपवे निर्माण में करीब आठ वर्ष का समय लगा है। मंदार पर्वत वन विभाग के अंतर्गत आता है। इसके निर्माण के लिये राज्य सरकार की ओर करीब साढ़े आठ करोड़ की राशि प्रदान की गई। राइट्स कंपनी द्वारा बने इस रोपवे को कंपनी अभी एक वर्ष तक ऑपरेट करेगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *