पीएम मोदी कल जाएंगे अमेरिका, जानें क्या रहेगा खास?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अमेरिका दौरे को लेकर शेड्यूल जारी हो चुका है। भारतीय प्रधानमंत्री बुधवार को अमेरिका दौरे पर जा रहे हैं जो कोरोना संकट की वजह से छह महीने बाद की पहली विदेश यात्रा होगी।

अमेरिका के इस दौरे पर प्रधानमंत्री मोदी पहली बार राष्ट्रपति जो बाइडेन से मिलेंगे और क्वाड समूह के साथ-साथ आतंकवाद और अफगानिस्तान पर भी बात होगी। क्वाड समूह की बैठक में चीन, कोविड संकट और क्लाइमेट चेंज पर बात होनी है।

मोदी यहां क्वाड समूह की पहली इन-पर्सन मीट (सामने से मीटिंग) में शामिल होंगे जिसके सदस्य ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका हैं। इसके साथ वह संयुक्त राष्ट्र की जनरल असेंबली को भी संबोधित करेंगे। मोदी 23 सितंबर को सुबह अमेरिका के टॉप सीईओ से मुलाकात करेंगे।

इसी दिन प्रधानमंत्री अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस से भी मिल सकते हैं। 23 सितंबर को ही वह ऑस्ट्रेलिया के स्कॉट मॉरिसन और जापान के योशीहिदे सुगा, यानी अपने समकक्षों से द्विपक्षीय मीटिंग करेंगे। इसके साथ-साथ अमेरिकी राष्ट्रपति क्वाड देशों के नेताओं के डिनर की मेजबानी करेंगे।

24 सितंबर को प्रधानमंत्री वाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन संग द्विपक्षीय वार्ता करेंगे जिसमें चीन द्वारा भारत-प्रशांत क्षेत्र में पैदा की गई अशांति पर चर्चा होने की आशा है।

प्रधानमंत्री मोदी इस मुलाकात के बाद वॉशिंगटन से न्यू यॉर्क जाएंगे जहां वह यूनाइटेड नेशंस जनरल असेंबली के 76वें सेशन के दौरान जनरल डिबेट को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम 25 सितंबर को होना है। प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे पर उनके साथ भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल भी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *