भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी और दो बार ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने गुरुवार को चीन मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर लिया है। शेनझेन में खेले गए प्री-क्वार्टरफाइनल मुकाबले में सिंधु ने छठे क्रमांक की खिलाड़ी थाईलैंड की पॉर्नपावी चोचुवोंग को गेम में 21-15, 21-15 से हराया। यह मुकाबला 41 मिनट तक चला।
इस जीत के साथ सिंधु (वर्ल्ड रैंक 14) ने चोचुवोंग के खिलाफ अपना हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 6-5 कर लिया है। क्वार्टरफाइनल में सिंधु का सामना कोरिया की आन से यंग और डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ट के बीच विजेता खिलाड़ी से होगा।
हाल ही में हांगकांग ओपन के पहले दौर में हारने के बाद सिंधु ने इस जीत को अहम करार दिया। उन्होंने कहा, “यह जीत मेरे लिए बेहद जरूरी थी। शुरुआत से ही सतर्क रहना और 100 प्रतिशत देना ज़रूरी था। पॉर्नपावी एक टॉप खिलाड़ी हैं और पिछली बार भी मुकाबला कड़ा रहा था। पहले गेम के बाद मैं दूसरे में और भी अलर्ट रही।”
सिंधु ने बताया कि एयर-कंडीशनिंग के कारण कोर्ट पर शॉट्स को नियंत्रित करना मुश्किल है, लेकिन सतर्कता ही जीत की ओर पहला कदम है।
सिंधु इस समय भारतीय महिला सिंगल्स कोच इरवानसयाह अदी प्रतमा के साथ काम कर रही हैं और उन्होंने कहा कि यह साझेदारी धीरे-धीरे सकारात्मक परिणाम दे रही है।
उधर, दिन के दूसरे मैच में भारतीय पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का मुकाबला चीनी ताइपे की जोड़ी चिउ ह्सियांग चियेह और वांग ची-लिन से होगा।
