अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के एक साल से ज्यादा वक्त के बाद महेंद्र सिंह धोनी अब इंडियन प्रीमियर लीग के मैचों में ही खेलते हुए नजर आते हैं। वह 19 सितंबर से शुरू हो रहे आईपीएल-14 के दूसरे चरण में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी करते दिखेंगे, लेकिन उससे पहले उनका नया लुक सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
धोनी के इस नए लुक को फैन्स ने शायद इससे पहले कभी नहीं देखा होगा। आईपीएल के ऑफिशियल प्रसारणकर्ता स्टार स्पोर्ट्स ने माही के इस अवतार की झलक फैन्स तक अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से पहुंचाई है।
धोनी के रॉकस्टार वाले लुक की फोटो शेयर करते हुए स्टार स्पोर्ट्स ने लिखा, “‘एमएस धोनी वीवो आईपीएल से पहले कुछ नया करने की तैयारी में हैं। असली पिक्चर देखने के लिए जुड़े रहिए। #असलीपिक्चरअभीबाकीहै।”
फोटो में उनके बाल स्पाइक्स के अंदाज में सफेद रंग में रंगे हुए हैं जिसे देखकर लग रहा है कि माही ने आईपीएल 2021 के दूसरे हाफ के प्रोमो के लिए यह लुक अपनाया है।
याद हो कि इससे पहले वह एक भिक्षु के रूप में नजर आए थे जिसे लेकर ‘कैप्टन कूल’ की अभिनय की भी सराहना की गई थी। आईपीएल 2021 के दूसरे फेज में चेन्नई सुपर किंग्स(सीएसके) पांच बार की आईपीएल विजेता मुंबई इंडियंस से 19 सितंबर को भिड़ेगी। आईपीएल 2021 के दूसरे चरण का पहला मुकाबला इन दोनों टीमों के बीच खेला जाएगा।
Read More
