अश्विन का चौंकाने वाला संन्यास, विदेशी लीग्स में खेलने का संकेत

भारतीय क्रिकेट के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने आईपीएल से संन्यास का ऐलान कर फैंस को चौंका दिया है। 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आखिरी बार खेलने वाले अश्विन ने पहले ही दिसंबर 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। अब उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग को भी टाटा कह दिया है।

अश्विन ने X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा,
“हर अंत एक नई शुरुआत होती है। आज मैं आईपीएल करियर को विराम देता हूं, लेकिन दुनिया भर की लीग्स में खेल को एक्सप्लोर करने की मेरी यात्रा आज से शुरू होती है।”
उन्होंने बीसीसीआई, आईपीएल और सभी फ्रेंचाइज़ियों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद भी दिया।

इस फैसले ने खासकर तब चौंकाया जब ये अटकलें थीं कि अश्विन 2026 सीज़न में राजस्थान रॉयल्स में वापसी कर सकते हैं। लेकिन बीसीसीआई की नीति के अनुसार, कोई भी भारतीय खिलाड़ी तभी विदेशी लीग्स में हिस्सा ले सकता है जब वह अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल दोनों से संन्यास ले।

2009 में डेब्यू करने वाले अश्विन ने 221 आईपीएल मैचों में 187 विकेट झटके, साथ ही 833 रन भी बनाए। उनका योगदान गेंद और बल्ले दोनों से सराहनीय रहा है।

अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि अश्विन अगला कदम किस विदेशी लीग में उठाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *