कर्नाटक कांग्रेस के प्रमुख डीके शिवकुमार और उनके भाई के कुल 15 ठिकानों पर सीबीआई के छापेमारी की खबर है। सीबीआई की यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के कथित मामले को लेकर बताई जा रही है।
शिवकुमार के एक करीबी के ठिकानों पर भी छापेमारी की खबर मिल रही है। सीबीआई की टीम बेंगलुरु के डोड्डालहल्ली, कनकपुरा और सदाशिव नगर में छापेमारी कर रही है।
डीके शिवकुमार और उनके भाई के ठिकानों पर हुई सीबीआई की कार्रवाई का कांग्रेस ने तीखा विरोध किया है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर लिखा कि मोदी-येदियुरप्पा की जोड़ी का अपनी कठपुतली सीबीआई के द्वारा डराने धमकाने का काम नहीं चलेगा।
सीबीआई को इस वक्त येदियुरप्पा सरकार के भ्रष्टाचार की जांच करनी चाहिए। मोदी सरकार के इन हथकंडों के आगे कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं झुकेंगे, ऐसे एक्शन से हम मजबूत ही होंगे।
कांग्रेस नेता प्रियांक खड़गे ने ट्वीट कर लिखा कि सीबीआई के द्वारा की गई छापेमारी फिर बड़े सवाल खड़े करती है। यहां की सरकार खुद ही भ्रष्टाचार के मामले में फंस रही है और चुनाव बिल्कुल नज़दीक है।
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने ट्वीट कर लिखा कि जैसे ही कर्नाटक में उपचुनाव नज़दीक आए, बीजेपी और गृह मंत्री अपनी पुरानी ट्रिक पर वापस आ गए हैं और सीबीआई को रेड डालने के लिए भेज दिया है
