बेटे आर्यन से मिलने जेल पहुंचे शाहरुख खान, जानें क्या कुछ कहा

अभिनेता शाहरुख खान बेटे आर्यन खान से मिलने आज आर्थर रोड जेल पहुंचे। 3 अक्टूबर को इस मामले में बेटे की गिरफ्तारी के बाद शाहरुख खान पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आए हैं। इससे पहले वह वकीलों के जरिए आर्यन से वीडियो कॉल द्वारा बात करते रहे हैं।

सूत्रों की जानकारी के मुताबिक शाहरुख खान ने आर्यन से करीब 15 से 20 मिनट तक बातचीत की। बातचीत के दौरान दोनों के बीच शीशे की दीवार थी इसलिए दोनों की इंटरकॉम से बात हुई। इस दौरान जेल के अधिकारी भी वहां मौजूद रहें। शाहरुख ने इस दौरान ग्रे टी-शर्ट, काला चश्मा और मास्क पहन रखा था।

बताया जा रहा है कि अभिनेता को बेटे से मुलाकात के दौरान किसी विशेष तरह की सुविधा नहीं दी गई। वह सामान्य नागरिक की तरह आए और मिलकर चले गए। गौरतलब हो कि कोविड-19 प्रोटोकॉल के चलते आर्थर रोड जेल में अभी तक कैदियों को परिवार के सदस्यों से मिलने की अनुमति नहीं थी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार की सुबह से ही परिवार के सदस्यों को कैदियों से मिलने की अनुमति दी गई है। इस रियायत के बाद शाहरुख ने आर्यन से आमने-सामने मुलाकात की। ज्ञात हो कि मुंबई की सेशंस कोर्ट ने कल ही आर्यन खान की चौथी जमानत याचिका नामंजूर कर दी थी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *