राहुल द्रविड़ हो सकते हैं टीम इंडिया के नए कोच

राहुल द्रविड़ भारतीय क्रिकेट टीम के नए कोच हो सकते हैं। शुक्रवार को आईपीएल के फाइनल मैच के दौरान राहुल द्रविड़ भारतीय सीनियर क्रिकेट टीम के कोच बनने के लिए सहमत हो गए। वह मौजूदा कोच रवि शास्त्री की जगह लेंगे।

जानकारी के मुताबिक, दुबई में बीसीसीआई अध्यक्ष सौरभ गांगुली और सचिव जय शाह ने द्रविड़ के साथ मीटिंग कर उन्हें यूएई में टी-20 विश्व कप के बाद भारतीय टीम का कोच बनने के लिए राजी किया।

इस तरह से रवि शास्त्री का कार्यकाल खत्म होने के बाद द्रविड़ उन्हें रिप्लेस करेंगे और साल 2023 तक टीम कोच बने रहेंगे। वहीं, दूसरी ओर, पारस म्हाम्ब्रे को बोलिंग कोच हो सकते हैं।

गौरतलब हो कि कुछ समय पहले राहुल द्रविड़ ने कोच बनने से इंकार कर दिया था। लेकिन बीसीसीआई की कई कोशिशों के बाद अब माना जा रहा है कि उन्होंने इसके लिए हामी भर दी है। हालांकि, अभी बोर्ड की तरफ से किसी प्रकार की औपचारिक घोषणा नहीं की गई है और ना ही आधिकारिक रूप से कोच के पद के लिए कोई विज्ञापन जारी किया था।

मौजूदा समय में द्रविड़ बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के अध्यक्ष हैं। अब माना जा रहा है कि द्रविड़ जल्द ही एनसीए के चीफ पद से इस्तीफा दे देंगे।

टी-20 वर्ल्ड कप के बाद मौजूदा कोच रवि शास्त्री और अन्य सपोर्टिंग स्टाफ के कार्यकाल समाप्त हो जाएंगे। सूत्रों के कहे अनुसार अगर राहुल द्रविड़ जैसे खिलाड़ी युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते हैं तो टीम अच्छा प्रदर्शन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *