पाकिस्तान में एक भरी बस में धमाका हुआ जिसमें चीनी इंजीनियर थे और कम से कम 9 चीनी नागरिकों मारे जाने की पुष्टि हुई है।
इसके बाद चीन ने पाकिस्तान के प्रति सख्ती दिखाई है। चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने कहा कि “अगर पाकिस्तान में हुआ विस्फोट आतंकी हमला है तो अपराधियों को कड़ी सजा दी जाए।” उन्होंने ये बात पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी के साथ बुधवार को हुई एक बैठक में कही।
वहीं,इस हमले में तीन पाकिस्तानी नागरिक भी मारे गए हैं। घटना खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहिस्तान की है जहां चीनी नागरिकों से भरी बस में धमाका हुआ और इसके बाद बस नाले में जा गिरी। पाकिस्तान ने कहा था कि घटना के पीछे का कारण तकनीकी खराबी है लेकिन चीन ने साफतौर पर उसके इस दावे को स्वीकार नहीं करते हुए कहा है कि जांच के लिए वह खुद की टीम भेजेगा।
चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स में चीनी विशेषज्ञों के हवाले से कहा गया है कि जांच में कुछ समय लगेगा लेकिन उन्हें लगता है कि दोनों देशों के बीच उच्च स्तर पर विश्वास भी बना रहेगा। घटना के बाद कुरैशी ने कहा था कि गैस लीक होने के कारण बस में विस्फोट हुआ था, जिसके कारण चीनी नागरिकों की भी मौत हो गई।
इस बस में चीनी लोगों के साथ पाकिस्तान के नागरिक भी सवार थे, जो वर्तमान में जारी एक परियोजना पर काम करने के लिए जा रहे थे। घटना में 40 अन्य लोग घायल भी हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
चीनी दूतावास ने पाकिस्तान से कहा कि वह राहत एवं बचाव कार्य के लिए सभी तरह के प्रयास करे, घायलों का इलाज कराए, चीनी संस्थानों, परियोजनाओं और कर्मियों की सुरक्षा को मजबूत करे और जल्द से जल्द घटना के असल कारण का पता लगाए।
इसके साथ ही चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियान ने कहा कि चीन इस घटना को लेकर हैरान है और खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हुए बम धमाके की निंदा करता है। उन्होंने मृतकों और घायलों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
अब चीन जांच के जरिए इस धमाके का कारण पता करेगा कि यह आंतकी हमला था या फिर तकनीकी खामी। साथ ही चीन ने चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (सीपीईसी) को लेकर होने वाली एक अहम बैठक अचानक रद्द कर दी।
यह बैठक आज ही आयोजित होने वाली थीं और भविष्य में आयोजित किए जाने को लेकर किसी तारीख का भी ऐलान नहीं किया है। इस बैठक के दौरान चीन से सीपीईसी को फिर से सक्रिय करने, सीपीईसी दीर्घकालिक योजना 2017-30 को प्रभावी बनाने और सीपीईसी परियोजनाओं पर काम कर रही चीनी कंपनियों के सामने आने वाले मुद्दों को उठाने की उम्मीद थी।
इसमें बिजली उत्पादन बकाया राशि को चुकाने में देरी का मुद्दा भी उठाया जाना था। पाकिस्तान इस बैठक के जरिए सीपीईसी के काम में तेजी लाने के लिए अधिक बजट मांगने के मूड में था।
सीपीईसी अथॉरिटी के चेयरमैन असीम सलीम बाजवा ने ट्वीट किया कि CPEC पर JCC-10 की बैठक जो 16 जुलाई, 2021 को होने वाली थी, उसे ईद के बाद बाद की तारीख के लिए टाल दिया गया है।
उन्होंने कहा कि अंतिम रूप दिए जाने पर नई तारीख साझा की जाएगी लेकिन इस बीच तैयारी जारी है।
Read More
- ओवैसी और राजभर के बीच आने लगी दरार की खबरें, यात्रा में साथ नहीं दिखाई दिए राजभर
- अफगानिस्तान में हुई मशहूर फोटो जर्नलिस्ट दानिश सिद्दीकी की हत्या
- कैप्टन अमरिंदर ने लिखा सोनिया गांधी को पत्र, सिद्धू प्रकरण में जताई नाराजगी
- मुंबई में आई मूसलाधार बारिश से जीवन अस्त-व्यस्त, गई कई जानें
- टोक्यो ओलंपिक में सामने आए कोरोना के मामले

2 thoughts on “पाकिस्तान में हुए बस धमाके के बाद चीन ने अपनाया कड़ा रुख, रद्द की सीपीईसी की बैठक”