चिराग समर्थक महिला ने केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस पर फेंकी स्याही

केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी(लोजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस के काफिले पर सोमवार को उनके संसदीय क्षेत्र हाजीपुर में असामाजिक तत्वों द्वारा मोबिल ऑयल फेंका गया जिसके छींटे मंत्री के कपडे़ पर पड़ गए। इस दौरान लोजपा सांसद चिराग पासवान के समर्थकों ने जमकर बवाल किया।

चिराग समर्थकों ने आभार यात्रा के दौरान केंद्रीय मंत्री की गाड़ियों पर लगे झंडे और बैनर को फाड़ कर फेंक दिया, उन्हें काला झंडा दिखाया और जमकर नारेबाजी की। हालांकि, पत्रकारों से बातचीत के दौरान पशुपति पारस ने मोबिल पड़ने से इन्कार किया, पर मोबिल ऑयल के छींटे उनके कपड़ों पर देखे गए।

मंत्री ने इसे पुलिस और प्रशासन की विफलता बताते हुए कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा उपद्रव करने की कोशिश बताया। हाजीपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघव दयाल के बताए अनुसार, मंत्री के काफिले में 40 वर्ष की एक महिला ने हाथ में लोजपा का झंडा लिए, एक थैले में मोबिल की बोतल रखी थी।

महिला को पकड़ लिया गया है। उन्होंने आगे बताया कि काफिला में उपद्रव करने वाले पांच लोगों की पहचान कर ली गई है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री बनने के बाद लोजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति पारस पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र हाजीपुर एक अभिनंदन समारोह में शामिल होने आए थे जिसका आयोजन शहर के पासवान चौक के पास स्थित एक निजी होटल में किया गया था।

पटना से हाजीपुर आने के दौरान चौरसिया चौक के पास चिराग पासवान के समर्थक जुटे हुए थे। जैसे ही केंद्रीय मंत्री का काफिला चौरसिया चौक के पास पहुंचा, अचानक कुछ महिलाएं और युवकों ने केंद्रीय मंत्री की गाड़ी के पास पहुंचकर मोबिल फेंक दिया। कुछ लोग काले झंडे के साथ विरोध में नारे लगा रहे थे।

अचानक हुए इस प्रदर्शन से सुरक्षाकर्मी बौखला गए और गाड़ी के पास पहुंचे प्रदर्शनकारियों को धक्का दे दिया। धक्का लगने से एक महिला सहित दो-तीन लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। बाद में मौके पर मौजूद औद्योगिक थानाध्यक्ष संतोष कुमार और अन्य सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को जबरन हटा, काफिले को आगे की ओर बढ़ाया।

उधर पारस ने समारोह में शामिल होने के बाद स्थानीय परिसदन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान खुद को लोजपा के संस्थापक दिवंगत रामविलास पासवान का वास्तविक राजनीतिक उत्तराधिकारी बताया।

दिवंगत केंद्रीय मंत्री के पुत्र चिराग पासवान द्वारा ‘आर्शीवाद यात्रा’ के तहत हाल में हाजीपुर का दौरा करने पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि “वह अपने संसदीय क्षेत्र जमुई की जनता द्वारा ‘रिजेक्ट’ कर दिए जाने के बाद हाजीपुर में ‘खाक छान’ रहे हैं।’”

हाल में हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार में मंत्री बनाए गए पशुपति पारस, लोजपा के चार अन्य सांसदों के समर्थन से भतीजे चिराग को अपदस्थ कर लोकसभा में पार्टी नेता और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए थे।

Read More

  1. कल्याण सिंह पंचतत्व में हुए विलीन, श्रद्धांजलि देने पहुँचे अमित शाह समेत कई दिग्गज
  2. तालिबान ने अब अमेरिका को दिखाई आँख, कहा- 31 अगस्त तक अफगानिस्तान छोड़ें अमेरिकी सैनिक
  3. भारत मे लॉंच हुए यह नए स्मार्टफोन, जानें फीचर और कीमत
  4. बदलते बनारस के स्वरूप को दिखाती है शॉर्ट मूवी ताम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *