पीएम ने देर रात लिया सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट का जायजा, वायरल हुई तस्वीरें

अमेरिका दौरे से लौटने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने कामकाज में जुट गए। प्रधानमंत्री रविवार रात करीब 8.45 बजे नई दिल्ली में नए संसद भवन के निर्माण स्थल पर पहुंचे जहां उन्होंने लगभग एक घंटा बिताया और नए संसद भवन के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया।

इस नए संसद भवन का कामकाज तेजी से हो रहा है। इससे पहले प्रधानमंत्री आवास पर रविवार को एक उच्‍च स्‍तरीय बैठक भी हुई जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा मौजूद रहे।

तीन दिवसीय अमेरिका दौरे से लौटने के कुछ देर बाद ही प्रधानमंत्री रविवार को देर शाम नए संसद भवन के निर्माण का जायजा लेने पहुंच वहां चल रहे निर्माण कार्य का अच्छी तरह से निरीक्षण किया।

नए संसद भवन का निर्माण अगले साल पूरा होने की उम्मीद बताई जा रही है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मोदी ने निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और इसमें लगे लोगों से बातचीत की।

श्रमिकों के अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने वहां मौजूद अधिकारियों संग भी बातचीत की जिससे उन्होंने प्रोजेक्ट को लेकर हर बारीकी को समझने का प्रयास किया और कई तरह के सवाल-जवाब भी लगातार करते रहे। यह इमारत सेंट्रल विस्टा परियोजना का हिस्सा है।

सरकारी अधिकारियों के अनुसार, 2022 में संसद का शीतकालीन सत्र नए भवन में होने की उम्मीद है। इसका क्षेत्रफल 64,500 वर्गफुट होगा जिसमें एक भव्य ‘कॉन्स्टीट्यूशन हॉल’ में भारत की लोकतांत्रिक धरोहर को संजोया जाएगा।

इसके अलावा सांसदों के लिए लाउंज, पुस्तकालय, कई समिति कक्ष, भोजन के कक्ष और पार्किंग के लिए स्थान होंगे। नई इमारत में लोकसभा में 888 सदस्यों के बैठने की जबकि राज्यसभा में 384 सदस्यों के बैठने की व्यवस्था होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *