लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान कल पंचतत्व में विलीन हो गए. पटना के जनार्दन घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. उनके बेटे चिराग पासवान ने उन्हें मुखाग्नि दी.
रामविलास पासवान को जनार्दन घाट पर श्रद्धांजलि देने खुद सीएम नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी समेत बिहार मंत्री मंडल के अनेक मंत्री पहुंचे।
इन सबके बीच आज लोजपा के प्रमुख और रामविलास पासवान के बेटे चिराग पासवान ने सोशल मीडिया पर एक मार्मिक पोस्ट किया जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अंतिम यात्रा के लिए सारी व्यवस्था करने और हौसला बढ़ाने के लिए धन्यवाद दिया.
ट्विटर पर चिराग पासवान ने लिखा “आदरणीय प्रधानमंत्री @narendramodi जी द्वारा पापा की अंतिम यात्रा में किए गए सहयोग के लिए हृदय से आभार।सर आपने पापा की अंतिम यात्रा के लिए सभी व्यवस्था बिना माँगे की।बेटे के तौर पर मैं एक मुश्किल समय से गुजर रहा हूँ।आप के साथ से हिम्मत और हौसला दोनो बढ़ा है।”
आगे चिराग पासवान ने लिखा “आप का आशीर्वाद व स्नेह हमेशा बना रहे।”
इससे पहले जब प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली में रामविलास पासवान के पार्थिव शरीर को फूल माला अर्पित कर परिवार से मिलने पहुंचे तो वहाँ चिराग पासवान भी मौजूद थे. प्रधानमंत्री मोदी को देखकर चिराग अपनी भावनाएं नहीं रोक सके और रोने लगे थे.
