रामायण सीरियल के रावण अरविंद त्रिवेदी का निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक

रामानंद सागर की रामायण में रावण का किरदार निभाने वाले दिग्गज अभिनेता अरविंद त्रिवेदी का मंगलवार रात, 5 अक्टूबर को मुंबई में निधन हो गया है। वो 82 साल के थे। उनके निधन की खबर उनके भतीजे कौस्तुब ने दी।

मीडिया खबरों के मुताबिक, अरविंद त्रिवेदी काफी समय से बीमार थे और दिल का दौरा पड़ने तथा कई अंगों के काम नहीं करने कारण उनका निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार बुधवार सुबह मुंबई में होगा।

कौस्तुभ त्रिवेदी ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे उनके चाचाजी का निधन हुआ जो पिछले कुछ सालों से लगातार बीमार चल रहे थे। पिछले तीन साल से उनकी तबीयत कुछ ज्यादा ही खराब रहने लगी थी।

ऐसे में उन्हें दो-तीन बार अस्पताल में भी भर्ती कराना पड़ा था। एक महीने पहले ही वो अस्पताल से एक बार फिर घर लौटे थे। मंगलवार की रात उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उन्होंने कांदिवली स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली।

अरविंद त्रिवेदी ने रामानंद सागर द्वारा बनाई गई ‘रामायण’ में रावण का दमदार रोल निभाया था। उनका जन्म 8 नवंबर 1938 में मध्यप्रदेश के इंदौर में हुआ। शुरुआती करियर गुजराती रंगमंच से शुरू हुआ जहां भाई उपेंद्र त्रिवेदी के साथ वह गुजराती सिनेमा के चर्चित नाम रहे।

उन्होंने करीब 300 हिंदी और गुजराती फिल्मों में काम किया है। 1991 में, अरविंद त्रिवेदी भारतीय जनता पार्टी के सदस्य के रूप में साबरकथा निर्वाचन क्षेत्र से संसद सदस्य के रूप में चुने गए और 1996 तक इस पद पर रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभिनय के माध्यम से दर्शकों के दिल में जगह बनाने वाले अरविंद त्रिवेदी के निधान पर शोक जताया है। इसी के साथ प्रधानमंत्री ने कलाकार घनश्याम नायक के निधान पर भी शोक जताया।

नायक ने लोकप्रिय धारावाहिक “तारक मेहता का उल्टा चश्मा” में नट्टू काका का किरदार निभाया था।  प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर लिखा “पिछले कुछ दिनों में हमने दो प्रतिभावान कलाकारों को खो दिया जिन्होंने कला के माध्यम से लोगों का दिल जीता।

हमने अरविंद त्रिवेदी को खो दिया जो ना सिर्फ एक असाधारण कलाकार थे बल्कि जनसेवा के लिए तत्पर रहते थे। टीवी धारावाहिक रामायण में उनकी भूमिका को आने वाली पीढ़ियां भी याद करेंगी।

घनश्याम नायक को उनकी बहुआयामी भूमिकाओं, खासकर लोकप्रिय धारावाहिक ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के लिए याद किया जाएगा। वह बेहद ही सरल और सौम्य थे। दोनों ही कलाकारों के परिजनों व प्रशंसकों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करता हूं।” 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *