बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता दरबार के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्होंने पेट्रोल की कीमत 100 रुपये के पार जाने पर गौर नहीं किया है, लेकिन अब आपस में विचार कर इस पर फैसला लेंगे।
पेट्रोल-डीजल के बढ़ते हुए दाम पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि इसे कम करने पर विचार करने और पहले राज्य में और फिर केंद्र से भी इसके लिए बात करने की पहल की।
मालूम हो कि देशभर के विभिन्न राज्यों में पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
ज्यादातर शहरों में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 100 रुपये के पार पहुंच गई है। कीमत कम करने को लेकर केंद्र और राज्य सरकार द्वारा सामूहिक प्रयास करने पर विचार करने का उन्होंने आश्वासन दिया।
एक बार फिर शुरू किया गया ‘जनता दरबार’ का यह दूसरा कार्यक्रम था जो सुबह 11 बजे से दोपहर करीब 3 बजे तक चला।
इस दौरान विभिन्न जिलों से आये 106 लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं, जिनका समाधान मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को फोन लगाकर ऑन स्पॉट किया।
सबसे अधिक समस्याएं घर-घर नल का जल, नली-गली, बिजली और पीएम आवास योजना से जुड़ी हुई आयीं।
मुख्यमंत्री ने हर मुद्दे पर अपनी बात रखी। सात महीने से ज्यादा समय से चल रहे किसान आंदोलन पर उन्होंने कहा कि कोरोना के दौर में इस तरह का प्रदर्शन जारी रहना कहीं से उचित नहीं है। केंद्र सरकार ने कई बार कोशिश की, लेकिन इसका समाधान नहीं निकला, यह दुखद है।
कृषि कानून का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र की नीति किसी के खिलाफ नहीं है। फिर से इस मसले पर बातचीत करने को जरूरी बताया। मुख्यमंत्री ने किसान आंदोलन के संबंध में कहा कि “यह कुछ राज्यों तक ही सीमित है। बिहार में इस तरह की कोई समस्या नहीं है।
यहां सबसे पहले कृषि कानून बने और इस क्षेत्र में सुधार को लेकर कार्य किये गये। इससे उत्पादकता बढ़ी है। यहां के किसानों पर इसका कोई असर नहीं हुआ है।
कृषि के क्षेत्र में यहां शुरू से ही काम किये गये हैं। सूबे के किसान पूरी तरह से आजाद हैं, वे जहां चाहे अपनी उपज को किसी कीमत पर बेच सकते हैं। किसी तरह की कोई बंदिश नहीं।”
वहीं फोन टैपिंग, जासूसी और पेगासस मुद्दे पर नीतीश कुमार ने कहा कि किसी को डिस्टर्ब करना अच्छी बात नहीं है।
Read More
- सुशील मोदी ने भारत में हेट कैंपेन को लेकर जताया शक, कई बड़े नेताओं को बताया शामिल
- मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री बदलने पर ट्वीट कर दिग्विजय सिंह ने बढ़ाई सियासी सरगर्मी
- उपेंद्र कुशवाहा बन सकते हैं जद(यू) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष
- किसान प्रदर्शन को देखते हुए बंद कराए जा सकते हैं ये सात मेट्रो स्टेशन, हाई अलर्ट पर है नई दिल्ली
- शिल्पा शेट्टी के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा पर लगा अश्लील फिल्में बनाने का आरोप
