अबू धाबी में खेले गए एशिया कप 2025 के मुकाबले में अफगानिस्तान पर श्रीलंका ने जीत हासिल की, लेकिन मैच खत्म होने के तुरंत बाद टीम के स्टार खिलाड़ी डुनिथ वेलालगे के लिए मैदान पर एक दर्दनाक खबर सामने आई। वेलालगे के पिता सुरंगा वेलालगे का दिल का दौरा पड़ने की वजय से निधन हो गया।
यह दुखद खबर उन्हें श्रीलंका टीम के कोच और दिग्गज क्रिकेटर सनथ जयसूर्या ने मैच के बाद मैदान पर ही दी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में जयसूर्या वेलालगे उनको गले लगाकर उन्हें सांत्वना देते नजर आ रहे हैं।
पूर्व क्रिकेटर रसेल अर्नोल्ड ने कमेंट्री के दौरान जानकारी दी कि सुरंगा वेलालगे भी क्रिकेट से जुड़े रहे थे और प्रिंस ऑफ वेल्स कॉलेज की टीम के कप्तान रह चुके थे। हालांकि उन्हें श्रीलंका की राष्ट्रीय टीम में कभी खेलने का मौका नहीं मिला।
मैच की बात करें तो वेलालगे का प्रदर्शन खास नहीं रहा। उन्होंने 4 ओवरों में 49 रन दिए और सिर्फ 1 विकेट लिया। अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी ने उनके एक ही ओवर में 5 छक्के जड़े और 22 गेंदों पर 60 रन बनाए। बावजूद इसके श्रीलंका ने मैच जीतकर सुपर-4 में प्रवेश कर लिया है।
