एशिया कप में ‘मिस्कन्डक्ट’ पर फंसा पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड, ICC लेगा सख्त एक्शन

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने पीसीबी पर “दुर्व्यवहार” और “टूर्नामेंट नियमों के कई उल्लंघनों” का आरोप लगाया है। सूत्रों के अनुसार, आईसीसी जल्द ही इस मामले में कार्रवाई कर सकता है।

दरअसल, बुधवार को यूएई के खिलाफ होने वाले मैच से पहले पाकिस्तान टीम ने होटल छोड़ने से इनकार कर दिया जिसकी वजह से मैच एक घंटे देर से शुरू हुआ। टीम ने मैच रेफरी एंडी पायकॉफ्ट को ‘नो हैंडशेक विवाद’ का जिम्मेदार ठहराते हुए उनके हटाए जाने की मांग की थी।

आईसीसी ने इस मुद्दे पर सहमति जताई कि गलतफहमियों को दूर करने के लिए मैच से पहले पायकॉफ्ट, पाकिस्तान कप्तान सलमान अली आगा और कोच माइक हेसन से मुलाकात करेंगे। लेकिन पीसीबी ने इस बैठक में अपने मीडिया मैनेजर नईम गिलानी को भी शामिल करने पर ज़ोर दिया। जब उन्हें मना किया गया, तो पीसीबी ने मैच से हटने की धमकी दी।

आखिरकार, दबाव में आईसीसी ने नईम को बिना आवाज़ के रिकॉर्डिंग करने की अनुमति दी। यह कदम PMOA (Players and Match Officials Area) प्रोटोकॉल का उल्लंघन था, जहाँ मोबाइल फोन और रिकॉर्डिंग सख्त रूप से प्रतिबंधित है।

इस वीडियो क्लिप के सोशल मीडिया पर फैलने से विवाद और गहरा हो गया। साथ ही, पीसीबी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दावा किया कि पायकॉफ्ट ने माफी मांगी, जबकि उन्होंने सिर्फ “अफसोस” जताया था।

आईसीसी ने इस पूरे घटनाक्रम को टूर्नामेंट की पवित्रता और नियमों की अनदेखी माना है और अब सख्त कार्रवाई की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *