कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर फिर विवाद छिड़ गया है। केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (CRPF) ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर कहा है कि राहुल गांधी अक्सर सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं करते और कई बार बिना जानकारी दिए विदेश दौरों पर चले जाते हैं।
बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने इस पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा, “यह बहुत गंभीर मामला है। खड़गे जी को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। राहुल गांधी वरिष्ठ नेता हैं, उन्हें सुरक्षा नियमों की अनदेखी से बचना चाहिए। अगर ज़रा सी चूक हुई तो उसका खामियाज़ा किसी और को भी भुगतना पड़ सकता है।”
राहुल गांधी को ज़ेड+ श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। इसके बावजूद, सीआरपीएफ ने बताया कि उनके इटली, वियतनाम, दुबई, क़तर, लंदन और मलेशिया जैसे दौरों की समय पर सूचना नहीं दी गई।
यह पहला मौका नहीं है जब उन पर प्रोटोकॉल तोड़ने के आरोप लगे हों। 2020 से 2022 तक वे 113 बार सुरक्षा नियमों का उल्लंघन कर चुके हैं। हाल ही में बिहार की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान भी एक युवक अचानक उनके पास पहुंच गया था, जिससे अफरा-तफरी मच गई थी।
बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस नेतृत्व को इस मुद्दे को हल्के में नहीं लेना चाहिए, वरना खतरा बढ़ सकता है।
