पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शुक्रवार को लंबे समय बाद सार्वजनिक तौर पर दस्तक दी। वे राष्ट्रपति भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में अपनी पत्नी सुदेश धनखड़ के साथ पहुंचे, जहां उनके उत्तराधिकारी सी. पी. राधाकृष्णन ने पद और गोपनीयता की शपथ ली।
कार्यक्रम में धनखड़ के साथ पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी और वेंकैया नायडू, साथ ही आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू भी मौजूद थे।
धनखड़ ने 21 जुलाई को अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जबकि उनका कार्यकाल अगस्त 2027 तक था। आधिकारिक तौर पर उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया, लेकिन राजनीतिक गलियारों में उनके सरकार से मतभेदों की चर्चा रही। बताया गया कि न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा के महाभियोग मुद्दे पर सरकार से उनकी दूरी बढ़ी।
कभी सरकार के प्रबल समर्थक माने जाने वाले धनखड़ बाद के दिनों में विपक्षी नेताओं और कानूनी हलकों से नज़दीकी बढ़ाने लगे थे। यही रुख उनके और केंद्र के बीच अविश्वास की खाई गहराने का कारण माना गया।
शुक्रवार को उनकी मौजूदगी ने इस बात को साफ़ किया कि अचानक पद छोड़ने के बाद भी उन्होंने सार्वजनिक जीवन से दूरी नहीं बनाई है।
