बिहार विधानसभा चुनाव से कुछ ही महीने पहले पटना में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता राजकुमार राय उर्फ अल्लाह राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात बुधवार देर रात चितरगुप्तनगर थाना क्षेत्र के मुन्नाचक इलाके में हुई।
सूत्रों के मुताबिक, राजकुमार राय राघोपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। प्राथमिक जांच में ज़मीन विवाद को हमले की वजह माना जा रहा है। राय ज़मीन से जुड़े कारोबार में सक्रिय थे।
पुलिस के अनुसार, दो अज्ञात हमलावरों ने राय पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। मौके से छह खोखे बरामद हुए हैं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पटना ईस्टर्न एसपी परिचय कुमार ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार होते नज़र आए हैं। पुलिस की कई टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं।
इस हत्या से चुनावी सरगर्मी के बीच राजनीतिक हलकों में सनसनी फैल गई है।
