संसद में सुबह-सुबह घुसपैठ! दीवार फांदकर अंदर घुसा युवक, सिक्योरिटी ने दबोचा

शुक्रवार सुबह संसद भवन में एक और चौंकाने वाली सुरक्षा चूक सामने आई। करीब 6:30 बजे एक युवक ने पेड़ पर चढ़कर रेल भवन की ओर से संसद की दीवार फांदी और सीधे नए संसद भवन के गरुड़ गेट तक पहुंच गया।

हालांकि, समय रहते मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया और अब उससे पूछताछ की जा रही है। युवक की मंशा क्या थी, इसका पता लगाया जा रहा है।

यह घटना ऐसे वक्त पर हुई है जब संसद का मानसून सत्र ठीक एक दिन पहले ही समाप्त हुआ, जिसमें हंगामे ने कार्यवाही को कई बार बाधित किया।

पिछले कुछ समय में संसद में सुरक्षा उल्लंघनों की घटनाएं बढ़ी हैं। दिसंबर 2023 में संसद पर हमले की बरसी पर चार युवाओं ने संसद के अंदर और बाहर गैस के कनस्तर फोड़कर नारेबाजी की थी। उस घटना के बाद संसद की सुरक्षा पर पहले ही सवाल उठ चुके थे।

आज की घटना ने एक बार फिर यह दिखा दिया कि संसद जैसी उच्च सुरक्षा वाली जगह भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। अब सुरक्षा एजेंसियों और संसद प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जाए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *