भारत सरकार ने ऑस्ट्रियाई अर्थशास्त्री गुनथर फेलिंगर-जान का X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया है। यह कदम उनके एक विवादास्पद पोस्ट के बाद उठाया गया, जिसमें उन्होंने “भारत को तोड़ने” और “एक्सइंडिया” बनाने की अपील की थी। इस ट्वीट में खालिस्तान का नक्शा भी साझा किया गया था।
फेलिंगर-जान ने लिखा था: “I call to dismantle India into ExIndia. @narendramodi is Russia’s man. We need friends of freedom for @KhalistanNet.”
इस भड़काऊ पोस्ट पर गृह मंत्रालय और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने तुरंत संज्ञान लिया और X को निर्देश दिया कि भारत में यह अकाउंट ब्लॉक कर दिया जाए। इसके बाद यह अकाउंट भारतीय यूज़र्स के लिए बंद कर दिया गया है।
गुनथर फेलिंगर-जान ऑस्ट्रिया, यूक्रेन, कोसोवो और बोस्निया को NATO सदस्यता दिलाने के लिए बनी समिति के अध्यक्ष हैं और बाल्कन क्षेत्रीय आर्थिक एकीकरण समूह के बोर्ड में भी शामिल हैं। हालांकि, भारत के विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस मुद्दे को तवज्जो देने से इनकार करते हुए कहा, “उसे ज्यादा अहमियत देने की जरूरत नहीं, वह पागल है और किसी आधिकारिक पद पर नहीं है।”
इस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर भारी नाराज़गी देखने को मिली। गौरतलब है कि जुलाई 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रिया की ऐतिहासिक यात्रा की थी — 41 सालों में किसी भारतीय पीएम की यह पहली यात्रा थी।
