अब समुद्री सीमा को लेकर इंडोनेशिया से उलझा चीन, साउथ चाइना सी पर फिर छाए तनाव के बादल

ऐसा कोई सगा नहीं, जिसे उसने ठगा नहीं. ये कहावत चीन पर सही बैठती है. चीन का ऐसा कोई भी पड़ोसी नहीं है जिससे उसका सीमा को लेकर विवाद न हो. चाहे वो ज़मीन पर हो, हवा में हो या पानी में. चीन अपने पड़ोसी देशों से उलझा ही रहता है. पिछले कुछ समय से भारत से उसका सीमा विवाद किसी से छुपा हुआ नहीं है. इन सबके बीच अब चीन का इंडोनेशिया से सीमा को लेकर विवाद सामने आया है. पर यह विवाद ज़मीन पर नहीं बल्कि समुद्री सीमा को लेकर है.

चीन का तटरक्षक जहाज़ साउथ चाइना सी में इंडोनेशिया के विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र में घुस गया जिसका इंडोनेशिया के गश्ती जहाज़ों ने पुरज़ोर विरोध किया. पहले तो चीन के जहाज़ ने दावा किया की वह नाइन डैश लाइन के भीतर ही है मगर इंडोनेशिया के जहाज़ के बार-बार विरोध करने पर उसे वहां से जाने को मजबूर होना पड़ा. इस घटना के बाद से साउथ चीन से में फिर से तनाव का माहौल पैदा हो गया है.

इंडोनेशियाई समुद्री सुरक्षा एजेंसी के प्रमुख आन कुर्निया ने बताया कि यह सारी घटना नातुना द्वीप के पास हुई. चीन का जहाज़ इंडोनेशिया की सीमा से चला गया है और फिलहाल स्तिथि नियंत्रण में है. घटना के बाद से इंडोनेशिया ने इस इलाके में नौसेना के जहाज़ों की गश्त बढ़ा दी है. आपको बतादें की इसी साल जुलाई में इंडोनेशिया ने नातुना द्वीप के पास युद्ध अभ्यास भी किया था.

चीन साउथ चाइना सी के 90 प्रतिशत हिस्से पर अपना अधिकार जमाता है जिसके चलते उसका फिलीपींस, मलेशिया, ब्रुनेई और वियतनाम से अक्सर तनाव बना रहता है. यही नहीं, पूर्वी चाइना सी में भी जापान के साथ चीन की अक्सर तनातनी बनी रहती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *