युद्ध विराम को लेकर भारत और पाकिस्तान के DGMO आज करेंगे महत्वपूर्ण वार्ता

जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के जवाब में भारत ने 6मई की रात को ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान को उसकी ही भाषा में जवाब दिया था। जिसके बाद से दोनो देशों के बीच में लगातार सैन्य हमले और जवाबी कार्रवाई की गई। ऑपरेशन सिंदूर में भारत की सख्त कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने सीजफायर का प्रस्ताव रखा। आज शाम को दोनों देशों के बीच DGMO स्तर पर बातचीत होगी। यह वार्ता सीमा पर जारी तनाव और गोलीबारी की घटनाओं के संदर्भ में हो रही है।

यह संवाद टेलीफोन के माध्यम से होगा, जो दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों के बीच नियमित संपर्क व्यवस्था का हिस्सा है। लेकिन इस बार यह वार्ता खास मानी जा रही है क्योंकि हाल के दिनों में नियंत्रण रेखा (LoC) पर बढ़ी हुई गतिविधियों और फायरिंग की घटनाओं ने दोनों देशों के बीच चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।

भारतीय पक्ष सीमा पार से हो रही घुसपैठ और संघर्ष विराम उल्लंघनों का मुद्दा उठाएगा, वहीं पाकिस्तानी पक्ष भी अपने दृष्टिकोण से कुछ सवाल उठा सकता है। यह बातचीत दोनों देशों के बीच सैन्य स्तर पर संवाद की निरंतरता बनाए रखने का प्रयास है, जिससे तनाव को कम किया जा सके।

गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के DGMO के बीच इस तरह की बातचीत पहले भी होती रही है, लेकिन जब भी हालात संवेदनशील होते हैं, तब इनका महत्व और बढ़ जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *