अमेरिका में भारतीयों को बड़ी सौगात- 8 नए वीज़ा-सेंटर शुरू, अब सेवाएं और आसान!

भारतीय प्रवासियों को बड़ी राहत देते हुए भारत ने अमेरिका में 8 नए भारतीय कांसुलर आवेदन केंद्र (ICAC) शुरू किए हैं। ये केंद्र बोस्टन, कोलंबस, डलास, डेट्रॉइट, एडिसन, ऑरलैंडो, रैले और सैन होज़े में खोले गए हैं। जल्द ही लॉस एंजेलिस में भी एक और केंद्र शुरू होगा।

1 अगस्त 2025 से पासपोर्ट, वीज़ा, OCI, जीवन प्रमाण पत्र, जन्म/विवाह प्रमाण पत्र, पुलिस क्लीयरेंस और अन्य सभी वाणिज्य दूतावास सेवाएं केवल VFS ग्लोबल केंद्रों के माध्यम से ही मिलेंगी। अब अमेरिका में कुल 17 ऐसे केंद्र हो जाएंगे, जो सेवाएं पहले से कहीं अधिक सुगम और सुलभ बनाएंगे।

भारतीय राजदूत विनय क्वात्रा ने इन केंद्रों का वर्चुअल उद्घाटन करते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रवासी भारतीयों के प्रति गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने प्रवासी समुदाय को “भारत का सबसे मजबूत ब्रांड एम्बेसडर” बताया।

VFS ग्लोबल के प्रमुख अमित शर्मा ने बताया कि अब ये केंद्र शनिवार को भी खुलेंगे—यह पहली बार है जब VFS किसी सरकार के लिए शनिवार को काम करेगा। सेवा में गुणवत्ता सुधार के लिए कॉल सेंटर भी बेहतर किए जा रहे हैं।

सभी केंद्र अब हफ्ते में छह दिन खुले रहेंगे, जिससे भारतीय समुदाय अपने कार्यदिवसों के बिना बाधा सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे। यह कदम भारत-अमेरिका के बीच मजबूत होते रिश्तों को और गति देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *