मध्यप्रदेश में 28 विधानसभा सीटों को लेकर उपचुनाव होने हैं। इन चुनावों में शिवराज सिंह चौहान और सिंधिया के सामने साख और सरकार बचाने की चुनौती है वहीं कमलनाथ भी किसी कीमत पर राज्य में कांग्रेस की वापसी के लिए जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं।
इसी क्रम में दोनो तरफ से आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला भी लगातार जारी है। कमलनाथ के ऑफिस की तरफ से एक के बाद एक ट्वीट कर शिवराज सिंह चौहान की एक तस्वीर साझा करते हुए तीखी बयानबाजी हुई।
कमलनाथ के ऑफिस की तरफ से किये गए ट्वीट में लिखा गया, “यदि नेता जनता को झूठे सपने, झूठे सब्ज़बाग़ ना दिखाये, झूठी घोषणाएँ ना करे, झूठे चुनावी नारियल ना फोड़े, जनता से किये अपने हर वादे को वचन समझ पूरा करे, जनता को झूठे- लच्छेदार भाषण परोसकर मूर्ख ना समझे,
अपनी सत्ता लोलुपता के लिये सौदेबाज़ी से जनादेश का अपमान कर राजनीति को कलंकित ना करे, जनहित उसके लिये सदैव सर्वोपरि हो तो जनता उसे हमेशा सर आँखो पर बैठाती है, अपने सर का ताज बनाती है, उसको घुटने टेकने की कभी ज़रूरत ही नहीं पड़ती है।”
कमलनाथ के ट्वीट पर मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा,”जनता हमारी भगवान है,अहंकार कांग्रेस को मुबारक हो। मंदसौर नीमच की जनता ने 2018 की चुनाव में BJP को एक तरफा जीत दी थी केवल 300 वोट से हारे थे बाकी सब जीते थे।मुझे लगा कि जनता का धन्यवाद शीश झुकाकर करना चाहिए..1बार नहीं लाखों बार जनता को शीश झुकाता रहूंगा।”
