पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने ममता सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। राज्य में पिछले दिनों बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्या को लेकर भी बवाल जारी है। इस क्रम में बीजेपी द्वारा आयोजित मार्च के दौरान एक सिख सुरक्षाकर्मी की पगड़ी गिरने को लेकर बवाल मच गया है।
क्रिकेटर हरभजन सिंह सहित कई सिख संगठनों ने इसकी निंदा की है। इसके बाद अब पश्चिम बंगाल पुलिस की तरफ से सफाई दी गई है।
पश्चिम बंगाल पुलिस की तरफ से एक ट्वीट के माध्यम से स्पष्टीकरण जारी करते हुए लिखा गया,” संबंधित व्यक्ति कल के विरोध प्रदर्शन में हथियार ले जा रहा था। हमारे अधिकारी के साथ हाथापाई में पगड़ी अपने आप गिर गई।
जानबूझकर ऐसी कोई कोशिश नहीं की गई। किसी भी समुदाय की भावनाओं को आहत करना हमारा उद्देश्य नहीं है।” इस ट्वीट के साथ पुलिस ने एक वीडियो भी जारी किया है।
अपने एक दूसरे ट्वीट में पश्चिम बंगाल पुलिस ने लिखा, “पश्चिम बंगाल पुलिस सभी धर्मों का सम्मान करती है।अधिकारी ने विशेष रूप से उस व्यक्ति की गिरफ्तारी से पहले अपनी पगड़ी वापस पहनने को कहा था।
पुलिस ने इसके साथ ही सिख व्यक्ति की एक तस्वीर भी पोस्ट की है।” हालांकि अब जो भी सफाई पुलिस दे लेकिन पगड़ी के बेअदबी को लेकर उसे काफी आलोचना का सामना करना पड़ा है।
