बिहार विधानसभा चुनावों के लिए जारी शोर के बीच आज विधान परिषद की 8 सीटों पर मतदान जारी है। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
कोरोना काल मे आयोजित हो रहे चुनावों में लोगों के बूथ तक पहुंचने पर संशय था इसको लेकर तमाम कयास लगाए जा रहे थे लेकिन आज मतदाताओं का उत्साह देखने लायक है।
आपको बता दें कि चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन के लिए कुल चार सीटों पर 59 प्रत्याशी मैदान में हैं। कुल प्रत्याशियों में सिर्फ एक महिला शामिल है।
4 सीटों के लिए 4 लाख सात हजार 889 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 3 लाख 7 हजार 363 पुरुष और एक लाख 480 महिला मतदाता हैं।
शिक्षक निर्वाचन के लिए चार सीटों पर 43 उम्मीदवारों ने नामांकन कराया है। इनमे से तीन महिलाएं हैं। इन 4 सीटों के लिए 40 हजार 415 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 31 हजार 694 पुरुष और 8 हजार 715 महिला मतदाता हैं।
गौरतलब है कि इन सभी सीटों पर पिछली बार जीते प्रत्याशियों के कार्यकाल 6 मई को समाप्त हो गया था लेकिन कोरोना की वजह से चुनाव में देरी हुई। इन चुनावों के नतीजे 12 नवम्बर को आएंगे।
