बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की नामांकन की आख़िरी घड़ी में महागठबंधन के भीतर सीटों को लेकर खींचतान तेज़ हो गई है। विकाशशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी ने 243 सीटों में से कम से कम 24 सीटों की मांग की है, जबकि राजद नेता तेजस्वी यादव ने साफ़ संकेत दे दिए हैं – “15 से ज़्यादा नहीं।”
सूत्रों के मुताबिक़, तेजस्वी ने सहनी को “अंतिम प्रस्ताव” दे दिया है। अगर उन्होंने समझौता नहीं किया, तो VIP का महागठबंधन से बाहर जाना तय माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में अब सवाल उठ रहा है — क्या फिर से 2020 जैसी कहानी दोहराई जाएगी, जब सहनी ने सीट विवाद के चलते एनडीए का रुख कर लिया था?
मुकेश सहनी, जो मछुआरा और नाविक समुदाय में अपनी पकड़ रखते हैं, हमेशा से सियासी सौदेबाज़ी में सख़्त माने जाते हैं। इस बार भी उन्होंने कहा है कि अगर तेजस्वी मुख्यमंत्री बन सकते हैं, तो वे उपमुख्यमंत्री क्यों नहीं?
नामांकन की डेडलाइन तक अब सिर्फ़ 31 घंटे बचे हैं, और महागठबंधन की एकता की परीक्षा अपने निर्णायक मोड़ पर है। क्या तेजस्वी अपनी शर्त पर टिके रहेंगे या सहनी की राजनीति एक बार फिर करवट लेगी — बिहार की सियासत की नज़र अब इसी मुकाबले पर है।
