राजद में फिर छिड़ा पोस्टर वार, बाहर आई ‘परिवार’ की तकरार

राजद विधायक और लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेजप्रताप एक बार फिर अपने पुराने रुख पर कायम नजर आ रहे हैं। दिल्ली-मथुरा से पटना लौटते ही एक बार फिर पार्टी में पोस्टर वार शुरू हो गया है।

जन्माष्टमी के मौके पर पूरे शहर में तेजप्रताप के बड़े-बड़े पोस्टर नज़र आए। इन पोस्टर्स में तेजप्रताप, लालू और राबड़ी यादव की तस्वीर रही लेकिन नेता प्रतिपक्ष और छोटे भाई तेजस्वी यादव फिर से नदारद रहे।

यह भी देखा गया कि तेजप्रताप की तस्वीर लालू और राबड़ी देवी से बड़ी लगाई गई थी। इन पोस्टर्स के बाद पार्टी दफ्तर में सोमवार को फिर से नए राजनीतिक बवाल की आशंका व्यक्त की जा रही है।

रविवार देर शाम ये पोस्टर- बैनर पूरे शहर में लगाए जाने से फिर हलचल बढ़ गई है जिसके बाद से तेजप्रताप और तेजस्वी यादव के संबंधों को लेकर कई तरह की चर्चाएं होने लगी है। इधर, हंगामा मचने के बाद तेजप्रताप ने ट्वीट कर एक पोस्टर जारी किया जिसमें लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के साथ उनकी तस्वीर है।

पोस्टर के साथ उन्होंने लिखा, “मेरे ईष्ट मेरे आराध्य,देवकीनंदन, महाराजाधिराज द्वारिकानाथ ,बालयोगी भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर आप सभी को बधाई और हार्दिक शुभकामनाएं! भगवान मुरलीमनोहर की सदैव कृपा आप पे बनी रहे।”

बता दें कि इससे पहले भी छात्र राजद की बैठक को लेकर पटना की सड़कों पर लगाए गए पोस्टरों में तेजस्वी यादव की तस्वीर नहीं थी जिसे लेकर राजद में पोस्टर को लेकर सियासी घमासान शुरू हुआ था।

इसके अलावा हाल ही में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह द्वारा तेजप्रताप के करीबी आकाश यादव को छात्र राजद के प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने जाने पर अलग बवाल छिड़ा हुआ है। जगदानंद सिंह के इस फैसले के बाद तेजप्रताप आग बबूला हो गए और प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उनपर आरोपों की झड़ी लगा दी।

Read More:

  1. मनचले युवक ने महिला पर रॉड से किया हमला, जानें कहाँ की है घटना
  2. बिहार- जमीन से जुड़े विवादों के निपटारे के लिए जारी होगा यूनिक कोड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *