पटना के नए ‘मरीन ड्राइव’ (जेपी पथ) पर रात के अंधेरे में डांस करते दिखे बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव। 16 दिन की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के समापन के बाद वे अपने सिंगापुर से आए भांजे के साथ ड्राइव पर निकले थे। इस दौरान सोशल मीडिया पर रील बना रहे कुछ युवाओं से उनकी मुलाकात हुई, जिन्होंने उन्हें डांस करने के लिए आमंत्रित किया।
तेजस्वी ने भी बॉलीवुड और भोजपुरी गानों पर जमकर ठुमके लगाए — खासतौर पर ‘लालू बिना चालू ई बिहार ना होई’ गाने पर। यह वीडियो उनकी बहन रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो तेजी से वायरल हो गया।
हालांकि बीजेपी ने इस पर सख्त आपत्ति जताई। पार्टी प्रवक्ता अजय आलोक ने इसे ‘गैरजिम्मेदाराना’ करार देते हुए कहा, “जेपी पथ कोई पिकनिक स्पॉट नहीं है। तेजस्वी सड़क पर अराजकता फैला रहे हैं।” उन्होंने बिहार पुलिस से कार्रवाई की मांग करते हुए चेताया कि यदि ऐसा ही चलता रहा तो “पूरे राज्य की सड़कें रील स्टूडियो बन जाएंगी।”
तेजस्वी ने बाद में ट्वीट कर लिखा, “हम युवाओं की उम्मीदों और सपनों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर एक नया बिहार बनाएंगे।”
