प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी मंगलवार को हिमाचल प्रदेश और पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे। उन्होंने इन राज्यों में बारिश के चलते आई भयंकर बाढ़ और भूस्खलन से हुई तबाही के बाद राहत कार्यों और पुनर्वास की जांच के लिए यह दौरा तय किया है।
प्रधानमंत्री मोदी पहले हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा पहुंचेंगे, जहाँ वे लगभग 1:30 बजे बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे, मौसम की अनुमति मिलने पर। इसके बाद धर्मशाला में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें राज्य प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्र स्वयंसेवकों सहित अन्य राहत एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी उन्हें स्थिति की जानकारी देंगे। प्रधानमंत्री पीड़ितों से भी मिलकर उनकी समस्याएं और चिंताएं समझेंगे।
इसके बाद पीएम मोदी पंजाब के गुरदासपुर पहुंचेगे, जहां वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। फिर वहां प्रशासनिक अधिकारियों और आपदा प्रबंधन टीम के साथ बैठक करेंगे और प्रभावित नागरिकों से बातचीत करेंगे।
इस दौरे को लेकर पंजाब के कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के राज्य अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने केंद्र से कम से कम 20,000 करोड़ रुपये की राहत पैकेज की मांग की है। उन्होंने ₹60,000 करोड़ बकाया फंड भी तुरंत जारी करने की बात कही है।
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा राहत कार्यों को मजबूती देने और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है।
