कमलनाथ ने पूछा- मैंने क्या पाप किया, शिवराज बोले कितने बताऊं?

मध्यप्रदेश में 28 सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए कल मतदान होना है। इसके लिए प्रचार का शोर अब थम चुका है। हालांकि इन सब के बावजूद जुबानी जंग जारी है। इन चुनावों में लड़ाई साख और सरकार बचाने की है। शिवराज के सामने चुनौती ज्यादा से ज्यादा सीटें हासिल कर सत्ता में बने रहने की है वहीं कमलनाथ हर हाल में वापसी चाहते हैं।


इन सब के बीच आज मध्यप्रदेश के बड़े दैनिक अखबारों में कांग्रेस की तरफ से एक विज्ञापन जारी करते हुए सवाल के तौर पर लिखा गया कि मेरा पाप क्या है? इन विज्ञापनों में कमलनाथ की तस्वीर भी है। अब इन विज्ञापनों पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया है।


शिवराज सिंह चौहान ने इस विज्ञापन पर बोलते हुए कहा,आज कमलनाथ जी ने अख़बारों में विज्ञापन दिए हैं कि ‘​मैंने क्या पाप किया था?’ कमलनाथ जी आपने पाप किया, आपने 12वीं में अच्छे नंबर लाने वाले बच्चों के लैपटॉप छीन लिये, प्रदेश का विकास ठप्प कर दिया। आपने मध्य प्रदेश को दलालों की मंडी के रूप में परिवर्तित कर दिया।’

सीएम ने आगे इस बारे में बोलते हुए कहा,’अंतिम संस्कार के लिए हम जो 5,000 रुपये देते थे, वो कफ़न के पैसे भी गरीब से ​छीन लिये। हम बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा कराते थे, आपने वो योजना समाप्त कर दी। मैं कितने पाप बताऊं, आपने मध्य प्रदेश का सत्यानाश कर दिया था, ये ही आपका पाप था और इसी की सजा आपने भुगती।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *