दिल्ली में स्वास्थ्य और ट्रांसपोर्ट सुविधाओं को नई रफ्तार मिलने वाली है। राजधानी में चार सरकारी अस्पतालों में 1300 से ज्यादा नए बेड तैयार हो चुके हैं, जिन पर फर्नीचर लग रहा है और फायर सेफ्टी की अंतिम मंजूरी बाकी है। ये बेड अगले कुछ महीनों में चालू हो जाएंगे।
आचार्य श्री भिक्शु, दादा देव, गुरु गोबिंद सिंह और संजय गांधी मेमोरियल अस्पतालों में नए ब्लॉक्स का निर्माण जारी है। यह प्रोजेक्ट पहले आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल (2019-20) में शुरू हुआ था, लेकिन फंड की कमी से अधूरा रह गया था।
इसके अलावा, सरकार सात ICU सुविधा वाले अस्पतालों समेत कुल 11 नए अस्पताल भी बना रही है। साथ ही, 13 स्वास्थ्य केंद्रों का विस्तार भी किया जा रहा है ताकि इलाज की पहुंच और बेहतर हो सके।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को हाल ही में PWD की समीक्षा बैठक में इन सभी योजनाओं की जानकारी दी गई।
दिल्ली की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और तेज़ ट्रांसपोर्ट सुविधाएं देने की दिशा में यह कदम बेहद अहम माने जा रहे हैं।
