सुशांत सिंह केस में न्याय की मुखर आवाज़ बन कर उभरीं कंगना रनौत इन दिनों लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। यह शायद बॉलीवुड के इतिहास में पहली बार होगा जब फिल्में बंद हैं लेकिन सितारे चर्चा के केंद्र में हैं। सारे न सही एक दो नाम ही सही, फ़िल्म न सही ड्रग, मर्डर, क्राइम और अन्य विवादों के वजह से ही सही।
सुशांत केस में कंगना के मुखर होना सत्ताधारी शिवसेना को रास नही आया। यह वजह है कि शिवसेना की तरफ से सीधे सीएम उद्धव ठाकरे या बेटे आदित्य ठाकरे ने तो उनके खिलाफ सीधे तौर पर कोई टिप्पणी नही की लेकिन उद्धव के करीबी, शिवसेना के प्रवक्ता और सामना के कार्यकारी संपादक संजय राउत मोर्चा संभाले दिखे। हालांकि कहीं न कहीं संजय की बेवजह और विवादित टिप्पणियों से बात सरकार की साख तक पहुंच गई।
कंगना के मुम्बई के पीओके कहने से उठा बवाल थमने का नाम नही ले रहा। उनके आफिस पर बुल्डोजर तक चल गया। मुम्बई न आने देने की धमकियों के बीच वह मुम्बई गईं और वह भी गृह मंत्रालय से मिली वाई केटेगरी सुरक्षा के साथ। हालांकि इन तमाम विवादों के बीच अब कंगना वापस अपने गृह राज्य हिमाचल के मनाली स्थित घर लौट आई हैं।
घर लौटने के बाद भी कंगना के निशाने पर ‘सोनिया सेना’ और संजय राउत सहित महाराष्ट्र सरकार है। हिमाचल पहुंचते ही कंगना ने एक के बाद एक कई ट्वीट कर हल्ला बोला और कई ऐसे शब्दों का प्रयोग किया जो सत्ताधारी पार्टी को असहज करने को काफी हैं।
कंगना ने पहले ट्वीट में लिखा,”मैंने उद्धव के प्यारे बेटे आदित्य के साथ घूमने वाले मूवी माफिया, सुशांत के हत्यारों और ड्रग रैकेट का पर्दाफाश किया, इसी से महाराष्ट्र के सीएम को परेशानी है।” कंगना ने कहा कि यही उनका सबसे बड़ा अपराध भी हो गया है, जिसके लिए वो अब मुझे सबक सिखाना चाहते हैं। कंगना ने चुनौती देते हुए लिखा- देखते हैं कौन किसको सबक सिखाता है।
इससे पहले कंगना रनौत ने आज मुम्बई से हिमाचल रवाना होते वक़्त एक ट्वीट किया और लिखा,”भारी मन से मुंबई छोड़ रही हूं, जिस तरह से इन दिनों लगातार मुझे आतंकित किया गया था और मेरे काम की जगह के बाद मेरे घर को तोड़ने की कोशिश में लगातार हमले और गालियां दी गईं। मुझ पर हमले को लेकर सुरक्षाकर्मी अलर्ट थे। कहना चाहिए कि पीओके को लेकर कही गई मेरी बात सही थी।”
इसके अलावा भी कंगना ने शिवसेना और संजय राउत पर हमले का कोई मौका नही छोड़ा उन्होंने एक और ट्वीट में लिखा,”जब रक्षक ही भक्षक बनने का एलान कर रहे हैं घड़ियाल बन लोकतंत्र का चिर हरण कर रहे हैं,मुझे कमजोर समझ बहुत बड़ी भूल कर रहे हैं!एक महिला को डराकर नीचा दिखाकर ,अपनी इमेज को धूल कर रहे हैं!”
कंगना ने स्पष्ट तौर पर कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी पर सवाल उठाते हुए भी एक ट्वीट किया और लिखा,”दिल्ली के दिल को चीर इस साल वहां खून बहा है,सोनिया सेना ने मुम्बई में आजाद कश्मीर के नारे लगवाए,आज आज़ादी की कीमत सिर्फ आवाज़ है,मुझे अपनी आवाज़ दो नही तो वो दिन दूर नही जब आज़ादी की कीमत सिर्फ और सिर्फ खून होगी।”
