उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी के उप-चुनाव अभियान के तहत अमरोहा के नौगावा में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित किया। वह यहां चेतन चौहान के निधन से खाली हुई सीट पर चुनाव लड़ रहीं उनकी पत्नी संगीता चौहान के प्रचार के सिलसिले में पहुंचे थे।
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा,’संगीता चौहान जी को अमरोहा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाना, स्वर्गीय चेतन चौहान के सम्मान का हमारा तरीका है। हम चीनी मिलों के विस्तार के उनके सपने को पूरा करेंगे।’
आपको बता दें कि पूर्व क्रिकेटर और यूपी सरकार में मंत्री रहे चेतन चौहान का निधन कोरोना वायरस के चपेट में आने की वजह से हो गया था। इसके बाद इस सीट पर उपचुनाव कराए जा रहे हैं।
यहां से बीजेपी ने चेतन चौहान की पत्नी संगीता चौहान को अपना उम्मीदवार बनाया है। योगी से पहले बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी उनके पक्ष में प्रचार करने यहां आ चुके हैं।
