पार्लियामेंट में ऑपरेशन सिन्दूर पर बहस से पहले कांग्रेस नेता और पूर्व गृहमंत्री पी. चिदंबरम के एक इंटरव्यू ने सियासी तूफान खड़ा कर दिया है। चिदंबरम ने कहा कि “पहलगाम हमले में शामिल आतंकी घरेलू भी हो सकते हैं, यह मानने का क्या सबूत है कि वे पाकिस्तान से आए थे?”
बीजेपी ने इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने कहा, “हर बार जब पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद से हमारी सेना टकराती है, कांग्रेस के नेता इस्लामाबाद के वकील जैसे लगते हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा दुश्मन को बचाने की कोशिश करती है।
चिदंबरम ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ऑपरेशन सिन्दूर में हुए नुकसान को छुपा रही है और प्रधानमंत्री बहस से बच रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया, “जब युद्ध हुआ, नुकसान दोनों ओर हुआ होगा, तो उसे छुपा क्यों रहे हैं?”
बीजेपी प्रवक्ता शहज़ाद पूनावाला ने कहा, “26/11 से सर्जिकल स्ट्राइक और अब पहलगाम तक – कांग्रेस का हाथ, पाकिस्तान के साथ!”
हालांकि कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने चिदंबरम का समर्थन करते हुए कहा कि “असली क्लीन चिट तो सरकार ने पाकिस्तान को सीज़फायर करके दी है।”
आज संसद में इस मुद्दे पर ज़ोरदार बहस तय मानी जा रही है।
