अमृतसर ग्रामीण पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीमा पार से हथियारों की तस्करी में शामिल 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों से एक AK सीरीज़ राइफल, 90 जिंदा कारतूस, दो मैगज़ीन, दो ग्लॉक पिस्तौल, चार ग्लॉक मैगज़ीन और ₹7.5 लाख की ड्रग मनी बरामद हुई है।
एसएसपी मनिंदर सिंह के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जोबन, गोरा, जसप्रीत, सनी और शेनशेन के रूप में हुई है। इन्हें अमृतसर के कालेर गांव में कार से हथियार ले जाते समय पकड़ा गया। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह खेप नव पंडोरी ने मंगवाई थी, जो कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया का करीबी बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, हथियारों की यह खेप “राणा” नामक व्यक्ति ने भेजी थी, जो ISI प्रायोजित आतंकी तत्वों से जुड़ा हुआ है। राणा के बाबर खालसा इंटरनेशनल (BKI) जैसे आतंकी संगठनों से संबंध होने की आशंका है। बताया जा रहा है कि यह हथियार खेप ड्रोन के ज़रिए भारत भेजी गई थी।
इसके पहले भी शनिवार को अमृतसर पुलिस ने 6 किलो हेरोइन के साथ 4 तस्करों को गिरफ्तार किया था, जिसमें जोबन मुख्य सरगना निकला था।
यह कार्रवाई पंजाब में आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।
