लोकगायिका और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नेता मैथिली ठाकुर ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अलिनगर विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद उन्होंने जनता से आशीर्वाद लिया और क्षेत्र के विकास व जनसेवा का संकल्प दोहराया।
मैथिली ठाकुर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “आज मैंने भारतीय जनता पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी के रूप में अलिनगर विधानसभा क्षेत्र से नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके बाद गृह राज्य मंत्री श्री नित्यानंद राय जी की गरिमामय उपस्थिति में आशीर्वाद सभा में सम्मिलित हुई। जनता से मिला स्नेह और आशीर्वाद मेरे लिए प्रेरणास्रोत है।”
उन्होंने आगे कहा, “अलिनगर की सेवा, विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ मैं पूरी शक्ति से कार्य करती रहूंगी। पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करती हूं।”
BJP ने हाल ही में बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपनी दूसरी सूची जारी की है, जिसमें 12 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इसी सूची में मैथिली ठाकुर को दरभंगा के अलिनगर से उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि पूर्व IPS अधिकारी आनंद मिश्रा को बक्सर सीट से प्रत्याशी घोषित किया गया है। बिहार में मतदान दो चरणों में — 6 और 11 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।
