“नींद खुली तो बस में आग थी”: यात्रियों ने सुनाई दर्दनाक आपबीती, 12 लोगों की हुई मौत

आंध्र प्रदेश के कुरनूल ज़िले के उल्लिंदाकोंडा के पास आज सुबह एक दर्दनाक हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई। हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही कावेरी ट्रैवल्स की वोल्वो स्लीपर बस राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर एक दोपहिया वाहन से टकराई और देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गई।

हादसा रात करीब 2:45 से 3:30 बजे के बीच हुआ। बस में लगभग 40 यात्री सवार थे, जिनमें से अधिकतर नींद में थे और अचानक लगी आग से बाहर निकल नहीं सके।

बचे हुए यात्री हरीका ने बताया, “मैं सो रही थी, अचानक शोर सुनकर जागी तो देखा पूरी बस में आग लगी है। पीछे का दरवाज़ा टूटा हुआ था, उसी से कूदकर जान बचाई।” कूदते समय उन्हें काफ़ी चोटें आईं।

एक अन्य यात्री सूर्या ने कहा कि हादसा बाइक के बस से टकराने के बाद हुआ। “बाइक बस के नीचे चली गई और चिंगारियां उठीं, फिर बस में आग लग गई,” उन्होंने बताया।

करीब 20 लोग खिड़कियां तोड़कर किसी तरह बाहर निकले, जबकि 12 यात्रियों की मौत हो गई। कई शव इतना जल गए हैं की उनकी पहचान नहीं हो पा रही है। ड्राइवर और हेल्पर मौके से फरार बताए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50,000 की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *