तेलंगाना के रंगारेड्डी ज़िले में आज सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। हादसा हैदराबाद-बीजापुर हाईवे पर हुआ, जब तेलंगाना स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (TSRTC)की यात्री बस एक बजरी से लदे ट्रक से टकरा गई।
बस में करीब 70 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद ट्रक में लदी बजरी बस के अंदर जा गिरी, जिससे कई यात्री उसके नीचे दब गए। मरने वालों में एक 10 महीने का बच्चा, 10 महिलाएँ और दोनों वाहनों के चालक शामिल हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद दिल दहला देने वाले दृश्य सामने आए लोग बजरी के नीचे दबे मदद के लिए चीखते रहे, हालांकि राहतकर्मी बस को काटकर शवों और घायलों को बाहर निकालते रहे। ड्राइवर की सीट के पीछे की छह पंक्तियाँ सबसे ज़्यादा प्रभावित हुईं, जहाँ अधिकांश यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया और अधिकारियों को तुरंत राहत कार्य में जुटने के निर्देश दिए। परिवहन मंत्री पोनम प्रभाकर ने ज़िला प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। वहीं, विपक्षी दल BRS के नेता के.टी. रामाराव ने भी शोक जताते हुए कहा कि “सरकार को पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देनी चाहिए और हादसे की पूरी जांच होनी चाहिए।”
