जम्मूकश्मीर- प्रवासी मजदूरों पर फिर आतंकी हमला, शुरू हुआ पलायन, सख्ती बरत रही सेना

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के वानपोह इलाके में रविवार को आतंकवादियों ने बिहार के मजदूरों पर गोलीबारी की जिसमें दो मजदूरों की गोली लगने से मौत हो गई वहीं, एक अन्य घायल हुआ।

कश्मीर जोन पुलिस ने ट्वीट कर बताया कि “कुलगाम के वानपोह इलाके में आतंकवादियों ने गैर-स्थानीय मजदूरों पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। इस आतंकवादी घटना में दो गैर-स्थानीय लोग मारे गए और एक घायल हो गया।”

रविवार को मारे गए इन लोगों की पहचान राजा ऋषिदेव, योगेन्द्र ऋषिदेव के रूप में हुई जबकि चुनचुन ऋषिदेव घायल हो गए। ये सभी बिहार के रहने वाले हैं।

घाटी में 48 घंटे से भी कम समय में गैर-स्थानीय मजदूरों पर यह तीसरा हमला है। इससे पहले भी बिहार के एक रेहड़ी-पटरी वाले और उत्तर प्रदेश के एक बढ़ई की शनिवार शाम को आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

ये हमले ऐसे समय में हुए हैं जब घाटी में नागरिकों पर हमले बढ़ रहे हैं। इस हमले के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर आतंकवादियों को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस घटना पर दुख जताते हुए जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से फोन पर बात कर अपनी चिंता व्यक्त की साथ ही आतंकी हमले में मारे गए राजा ऋषिदेव और योगेन्द्र ऋषिदेव के निकटतम आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रूपये देने की घोषणा भी की।

उन्होंने श्रम संसाधन विभाग एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं से मृतकों के परिजनों को नियमानुसार अन्य लाभ दिलाने का अधिकारियों को निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *