बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की पत्नी गौरी खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। गौरी खान के खिलाफ करीब 86 लाख रुपए लेने के बाद भी फ्लैट किसी और को देने का आरोप लगा है।
ये एफआईआर लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दर्ज की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, तुलसियानी कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपर्स लिमिटेड के सीएमडी अनिल कुमार तुलसियानी, डायरेक्टर महेश तुलसियानी और कंपनी के ब्रांड एंबेसडर गौरी खान पर यह केस दर्ज किया गया है।
ये मामला लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में तुलसियानी गोल्फ व्यू में फ्लैट की खरीद से जुड़ा है। रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई के रहने वाले किरीट जसवंत शाह ने एफआईआर दर्ज कराई है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 86 लाख रुपये में उक्त सोसायटी में फ्लैट खरीदा था, पर कंपनी ने रुपये लेने के बाद भी तय समय पर फ्लैट नहीं दिया।
किरीट जसवंत साह ने बताया कि उन्होंने शाहरुख खान की पत्नी गौरी खान को लखनऊ स्थित तुलसियानी कंपनी का प्रचार-प्रसार करते देखा था। उन्होंने गौरी खान के प्रचार-प्रसार से प्रभावित होकर ही यह फ्लैट बुक किया था।
गौरी खान एक शानदार प्रोड्यूसर भी हैं। गौरी प्रोडक्शन कंपनी ‘रेड चिलीज’ एंटरटेनमेंट की को-फाउंडर होने के साथ को-चेयरपर्सन भी हैं।
वे साल 2002 में आधिकारिक रूप से फिल्मी दुनिया से जुड़ गई थीं। उन्होंने इसी साल अपने पति शाहरुख खान के साथ मिलकर प्रोडक्शन हाउस ‘रेड चिलीज’ की शुरुआत की, जिसमें पहली फिल्म ‘मैं हू न’ बनी।
शाहरुख खान की यह फिल्म सुपरहिट रही। इसके बाद इस प्रोडक्शन हाउस में ‘ओम शांति होम’, ‘हैप्पी न्यू ईयर’, ‘चेन्नई एक्सप्रेशन’ और ‘बदला’ जैसी शानदार फिल्में बनीं।
