उत्तरप्रदेश सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी अनलॉक 5.0 की गाइडलाइंस आने के बाद राज्य में स्कूल-कॉलेज खोले जाने संबंधित गाइडलाइंस आज जारी कर दी है। राज्य सरकार की तरफ से जारी गाइडलाइंस में कहा गया है कि राज्य के सभी स्कूल 15 अक्टूबर से खोले जा सकेंगे। इसके अलावा योगी सरकार ने सिनेमा घर, मल्टीप्लेक्स और थियेटर को भी 50 फीसदी क्षमता के साथ संचालित करने की अनुमति दे दी है।
इसके अलावा राज्य सरकार की तरफ से जारी गाइडलाइंस में यह भी कहा गया है कि राज्य में 15 अक्तूबर के बाद कंटेनमेंट जोन के बाहर धार्मिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और शैक्षिक गतिविधियां हो सकती हैं। हालांकि इन कार्यक्रमों में लोगों की संख्या 200 तक सीमित होगी। इस फैसले से दुर्गापूजा के आयोजन का रास्ता साफ हो गया है।
आपको बता दें कि इससे पहले उत्तरप्रदेश की योगी सरकार ने दुर्गापूजा के आयोजन पर रोक का आदेश जारी किया था। सरकार के इस फैसले का नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी ने पुरजोर विरोध करते हुए कहा था कि जैसे राज्य सरकार पार्टी के काम को करा रही है और अनुमति दी गई है वैसे ही दुर्गा पूजा के आयोजन के लिए भी अनुमति दी जानी चाहिए। यह आस्था का मामला है।
