उत्तरप्रदेश पुलिस की कार्यशैली पिछले कुछ दिनों से लगातार चर्चा में है। कभी एनकाउंटर को वजह से चर्चा में रहने वाली यूपी पुलिस इन दिनों हाथरस में गैंगरेप पीड़िता की मौत के बाद कि कार्रवाई की वजह से विवादों के केंद्र में आ गई थी।
इसी बीच एक और खबर यूपी की राजधानी लखनऊ से आई है जहां एक महिला ने आत्मदाह की कोशिश की है। महिला ने यूपी विधानसभा के पास खुद को आग के हवाले कर दिया। वहां मौजूद पुलिस बलों ने आग को बुझा तो दिया लेकिन तब तक महिला काफी झुलस चुकी थी।
आनन फानन में महिला को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। आत्मदाह के बाबत पूछे जाने पर महिला ने कहा कि उसकी शादी एक शख्स से हुई थी जिससे उसका तलाक हो गया।
तलाक के बाद उसने दूसरी शादी धर्म परिवर्तन कर आसिफ नाम के युवक से की थी। शादी के बाद युवक सऊदी चला गया और इसके बाद युवक के परिजन उसे प्रताड़ित करते थे। इसकी शिकायत महराजगंज पुलिस से की गई लेकिन कोई कार्रवाई नही हुई। इसी से तंग आकर उसने आत्मदाह की कोशिश की है।
मिली जानकारी के मुताबिक महिला यहां सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलने और इंसाफ की गुहार लगाने आई थी। हालांकि उसकी मुलाकात सीएम से नही हो सकी और इसी के बाद उसने आत्मदाह जैसा गंभीर कदम उठाया है। महिला के बयान को देखें तो पुलिसिया कार्रवाई एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है।
