कोरोना काल में महीनों चले लॉकडाउन के बाद अब जनजीवन सामान्य होने लगा है। अनलॉक 5.0 की गाइडलाइन्स आने के बाद लॉक डाउन के दौरान मार्च से बंद चल रहे सिनेमा घर, थिएटर, मल्टीप्लेक्स को 15 अक्टूबर से खोलने की अनुमति दे दी गई है। इससे संबंधित गाइडलाइंस सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय जारी करेगा। हालांकि स्कूल-कॉलेज और कोचिंग खोलने का फैसला राज्य सरकारें करेंगी।
अनलॉक 5.0 की गाइडलाइंस में यह भी स्पष्ट किया गया है कि राज्य सरकारों के फैसले के बावजूद बच्चों को स्कूल भेजने का फैसला अभिभावक लेंगे। अगर कोई बच्चा ऑनलाइन क्लास लेना चाहता है तो वह स्कूल आने के लिए बाध्य नही होगा। गाइडलाइंस में सामाजिक राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर भी खास दिशानिर्देश दिए गए हैं। ऐसे कार्यक्रमों में सिर्फ 100 लोग शामिल होंगे और इन लोगों की उपस्थिति ऐसी जगह हो सकती है जहां क्षमता 200 की हो। इसके अलावा किसी भी ऐसे कार्यक्रम में भाग लेने वालों के लिए मास्क, सैनिटाइजर और सामाजिक दूरी जैसे नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।
आपको बता दें कि अनलॉक 5.0 की गाइडलाइंस ऐसे वक्त में आई हैं जब अगले कुछ दिनों में दशहरा, दीपावली और छठ जैसे बड़े त्यौहार हैं। इन त्यौहारों से पहले धीरे-धीरे लगभग हर तरह के कार्यक्रम और गतिविधियों को अनुमति दी जा चुकी है। इसी बीच भारत मे जहां संक्रमण और मौत के आंकड़े लगातार बढ़ रहे हैं वहीं राहत की बात यह है कि ठीक होने वालों की तादात कहीं ज्यादा है। ऐसे में सरकार का जोर अब आर्थिक गतिविधियों को सुचारू रूप से शुरू करने पर है।
